Haryana budget Nuh BJP Zakir Hussain Congress MLA Aftab Ahmed reaction | नूंह में कांग्रेस ने बजट को बताया दिशाहीन: MLA आफताब बोले- प्रदेश पर 5 लाख करोड़ का कर्ज, जाकिर हुसैन ने प्रगतिशील बजट कहा – Nuh News

विधायक आफताब अहमद और भाजपा नेता जाकिर हुसैन की फाइल फोटो।

हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना पहला बजट सोमवार को पेश कर दिया है। बजट पर नूंह के नेताओं ने अपनी अलग–अलग प्रतिक्रिया दी है। नूंह में कांग्रेस जहां बजट को दिशाहीन बताकर प्रदेश में कर्ज का बोझ बताया है।

वहीं भाजपा नेता बजट को प्रगतिशील बता रही हैं। कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि यह बजट लोगों की उम्मीद के अनुरूप नहीं है। वहीं वहीं भाजपा के नेताओं ने कहा कि सर्वांगीण विकास वाला बजट मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पेश किया है।

कांग्रेस विधायक आफताब अहमद।

कांग्रेस विधायक आफताब अहमद।

विधायक आफताब ने बजट को निराशाजनक और दिशाहीन बताया

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि प्रदेश का बजट निराशाजनक व दिशाहीन है। प्रदेशवासियों को सौगात के बजाय कर्ज का बोझ मिला है। 2 लाख करोड़ रुपए का बजट है और 5 लाख करोड़ का प्रदेश पर कर्ज। बजट में किसान की आय दोगुना करने पर कोई गंभीर रोडमैप नहीं है। शिक्षा और स्वास्थ्य पर सरकार का संज्ञान खास नहीं दिखाई देता, रिकॉर्ड स्तर बेरोजगारी और मंहगाई का हल खोजने की कोशिश तक बजट में दिखाई नहीं दी।

बुनियादी ढांचे के विकास का विजन भी नजर नहीं आता है। महिलाओं के लिए भी बजट उम्मीद अनुरूप नहीं है। डबल या ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार अपने चुनावी वायदों को बजट में नजरअंदाज कर जुमला साबित कर गई है। कुल बजट के सिर्फ 8% पूंजीगत व्यय से राज्य का विकास मुमकिन नहीं है। कई महत्वपूर्ण विभागों जैसे पीडब्ल्यूडी, बी एंड आर, जन स्वास्थ्य, बिजली आदि के बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। स्पष्ट रूप से हरियाणा की भाजपा सरकार प्रदेश के पौने तीन करोड लोगों की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं पर खरा उतरने में विफल साबित हुई है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन।

शानदार और प्रगतिशील बजट पेश किया- जाकिर हुसैन

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने हरियाणा प्रदेश के बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा प्रदेश का बहुत ही शानदार और प्रगतिशील बजट पेश किया है। उन्होंने नायब सिंह सैनी का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।

“हरियाणा-एक, हरियाणवी-एक” के नारे को चरितार्थ करते हुए बजट में सभी क्षेत्रों और सभी वर्ग के लोगों का विशेष ख्याल रखा गया है। जाकिर हुसैन ने कहा कि उन्हें आशा है कि भविष्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश विकास की नई बुलंदियों को छूएगा।