16 January 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा के छात्र नेता हरिकेश ढांडा ने जननायक जनता पार्टी की छात्र इकाई INSO (इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन) में अपने संगठन क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन का विलय कर सभी साथियों के साथ सदस्यता ली। यह कार्यक्रम रोहतक में जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर दिग्विजय चौटाला ने सभी का स्वागत करते हुए उन्हें INSO का पटका पहनाया और सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि इस विलय से छात्र एकता, संघर्ष और अधिकारों की लड़ाई को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि INSO के बैनर तले छात्र हितों के मुद्दों पर और अधिक तेज़ी और संगठित तरीके से काम किया जाएगा।
हरिकेश ढांडा द्वारा 23 मार्च 2016 में स्थापित क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन हरियाणा के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में सक्रिय रहा है। संगठन समय-समय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन की खामियों और युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता रहा है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि INSO युगपुरुष जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाला संगठन है, जिसे 2003 में पूर्व सांसद डॉक्टर अजय सिंह चौटाला ने स्थापित किया। केएसओ के जुड़ने से संगठन और मजबूत बनेगा और छात्रों की आवाज़ मजबूती से उठेगी।
उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और सरकारी खामियों पर भी तीखी टिप्पणी की। दिग्विजय ने कहा कि एचटेट-2024 के परिणाम में घोटाला हुआ और अफसरशाही हावी है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के कारण हरियाणा अपराध में पहले स्थान पर है और मुख्यमंत्री केवल नाम के हैं।
दिग्विजय चौटाला ने बताया कि जेजेपी लगातार जनहित के मुद्दों को उठाते हुए युवा एकजुट कर रही है। उनका मानना है कि साल 2029 में जेजेपी भाजपा के सामने वैकल्पिक विकल्प के रूप में मजबूत स्थिति में होगी, जैसा कि 2019 में युवाओं के दम पर 17 प्रतिशत वोट हासिल किया गया था।













