हमीरपुर: कपड़ों की सिलाई से बदली जिंदगी, पूजा देवी बनीं ग्रामीण महिलाओं की प्रेरणा

हमीरपुर: कपड़ों की सिलाई से बदली जिंदगी, पूजा देवी बनीं ग्रामीण महिलाओं की प्रेरणा

04 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हमीरपुर जिले के बगारटी गांव की पूजा देवी आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। आर्थिक तंगी में एक साधारण सिलाई मशीन से शुरू हुआ उनका सफर अब कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। पहले घर से छोटे स्तर पर कपड़े सिलने वाली पूजा देवी को शुरू में ग्राहक कम मिले, लेकिन उनकी मेहनत, गुणवत्ता और समय पर काम पूरा करने की आदत ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

बढ़ते ऑर्डरों को देखते हुए उन्होंने बाजार में एक छोटी दुकान किराये पर लेकर कारोबार का विस्तार किया। अब पूजा ब्लाउज, सूट, प्लाजो, बच्चों के कपड़े और डिजाइनर पहनावे के साथ बैग व हैंड पर्स भी तैयार कर रही हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह औसतन 10 से 12 हजार रुपये और शादी–विवाह के सीजन में 15 हजार रुपये तक की आमदनी हो जाती है।

पूजा देवी बताती हैं कि शुरुआती दौर में कई चुनौतियां आईं, लेकिन परिवार—खासकर बुजुर्ग सास, पति और दो बेटों—के सहयोग से वह निरंतर आगे बढ़ती रहीं। आज आसपास के दो–तीन गांवों की महिलाएं अपने कपड़े सिलवाने के लिए उनकी दुकान पर आती हैं।

पूजा देवी ने न सिर्फ खुद को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनने का रास्ता भी दिखाया है।