बंबूघाट-2 की स्टारकास्ट भी हुई दर्शकों से हुई रूबरू
होशियारपुर, 18 फरवरी 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: जिला प्रशासन की ओर से आयोजित नेचर फेस्ट-2026 एवं पंजाब सखी शक्ति मेला के अंतिम दिन उत्साह, संस्कृति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत साइकलोथॉन से हुई, जबकि समापन भव्य सिंगर नाइट के साथ हुआ। रंगारंग प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक उमंग से सजी यह स्टार नाइट दर्शकों के लिए अविस्मरणीय बन गई।
स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान रहे, जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज और जीवंत प्रस्तुति से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत छल्ला और दिल दा मामला है सहित अन्य सदाबहार नगमे प्रस्तुत किए, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और झूमते दर्शकों से गूंज उठा। उनकी भावपूर्ण गायकी ने देर रात तक दर्शकों को कार्यक्रम स्थल से बांधे रखा।
इस अवसर पर विधायक ब्रम शंकर जिंपा, विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, विधायक करमबीर सिंह घुम्मण, विधायक डॉ. ईशांक कुमार, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के निदेशक संजीव तिवाड़ी, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक, मुकेरियां के हलका इंचार्ज प्रो. जी.एस. मुल्तानी, बैकफिंको चेयरमैन संदीप सैनी, जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर, मार्किट कमेटी के चेयरमैन जसपाल सिंह चेची, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन गुरबिंदर सिंह पाबला ने विशेष तौर पर शिरकत की।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन पंजाब की समृद्ध विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का आकर्षण उस समय और बढ़ गया जब पंजाबी फिल्म बंबूघाट- 2 की स्टारकास्ट मंच पर पहुंची। इस दौरान अभिनेता-गायक एमी विर्क तथा अभिनेता बीनू ढिल्लों ने दर्शकों से संवाद कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। कलाकारों की एक झलक पाने के लिए दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया और युवाओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस अवसर पर सहकारी बैंक चेयरमैन विक्रम शर्मा, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन सैनी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल, आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण, एसडीएम गढ़शंकर परमप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।











