पश्चिम एशिया संकट पर सरकार की सर्वदलीय बैठक आज, शाम 5 बजे होगी चर्चा

25 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें मौजूदा स्थिति और उसके भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर चर्चा होगी।

बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री Rajnath Singh कर सकते हैं। वहीं विदेश मंत्री Subrahmanyam Jaishankar के भी इसमें शामिल होने की संभावना है। सरकार इस बैठक के जरिए सभी राजनीतिक दलों को मौजूदा हालात की जानकारी देने और सुझाव लेने का प्रयास करेगी।

हालांकि लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi इस बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले से तय कार्यक्रम के चलते वह Kerala में रहेंगे।

दरअसल विपक्षी दलों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके भारत पर पड़ने वाले असर को लेकर संसद में प्रधानमंत्री Narendra Modi के बयान के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की थी।

राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट की स्थिति बन गई है। इस चुनौती से निपटने के लिए सरकार ने सात अधिकार संपन्न समूहों का गठन किया है, जो एलपीजी, आवश्यक सेवाओं और अन्य जरूरी क्षेत्रों में आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखेंगे।

प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।