खुशखबरी: अब सिर्फ 5 मिनट में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

India 01 Apr 2026 Fact Recorder

National Desk :   घर में रसोई गैस खत्म होने पर आम तौर पर लोग गैस एजेंसी को कॉल करते हैं या ऑनलाइन बुकिंग करते हैं और सिलेंडर की डिलीवरी का इंतजार करते हैं। कई बार इस वजह से खाना बनाना भी रुक जाता है। इस समस्या का समाधान लेकर आई है इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन।

इन्होंने ‘छोटू’ नाम से 5 किलो का LPG सिलेंडर लॉन्च किया है, जो तुरंत उपलब्ध है। इसकी खासियत यह है कि इसे पहले से बुक करने की जरूरत नहीं। “नो वेटिंग, नो डिले” के कॉन्सेप्ट के साथ यह सिलेंडर शहरी जीवन के लिए बेहद सुविधाजनक है।

छोटे आकार के कारण इसे आसानी से घर लाया जा सकता है। आम गैस कनेक्शन की तरह आधार कार्ड और पते का सबूत जरूरी नहीं—केवल एक ID प्रूफ पर्याप्त है। यह फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) श्रेणी में आता है, यानी आप इसे एक एजेंसी से खरीदकर किसी अन्य जगह भरवा सकते हैं।

ये छोटे सिलेंडर सिर्फ गैस एजेंसियों पर ही नहीं, बल्कि किराने की दुकानों, पेट्रोल पंपों और मान्यता प्राप्त दुकानों पर भी आसानी से उपलब्ध हैं। जब गैस खत्म हो जाए, तो पुराना खाली सिलेंडर देकर तुरंत भरा हुआ सिलेंडर ले सकते हैं। इससे डिलीवरी के इंतजार की जरूरत पूरी तरह खत्म हो जाती है।

‘छोटू’ सिलेंडर खासकर शहरों में नए आने वाले, अकेले रहने वाले लोग, छोटे परिवार और जिन्हें तुरंत गैस की जरूरत होती है, उनके लिए बेहद उपयोगी है। इसे नियमित सिलेंडर के बैकअप के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

सुरक्षा के मामले में यह सिलेंडर सभी जरूरी मानकों के अनुसार बनाए गए हैं। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हल्के वजन के कारण बुज़ुर्ग या महिलाएं भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकती हैं।

इंडियन ऑयल का यह कदम आम आदमी के लिए रसोई गैस की उपलब्धता और भी आसान बना रहा है।