NEET पास छात्रों के लिए खुशखबरी: हिमाचल में जल्द होंगे 200 डॉक्टरों की भर्ती

Good news for NEET pass students: 200 doctors will soon be recruited in Himachal

17 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk: शिमला। हिमाचल प्रदेश में चिकित्सकों के 200 पद जल्द भरे जाएंगे। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, हमीरपुर की रोगी कल्याण समिति की संचालन समिति की बैठक आयोजित हुई।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में 200 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती को मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रदेश सरकार शीघ्र ही 400 नर्सों की भर्ती करेगी तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करेगी।

बैठक में रोगी कल्याण समिति के बजट व्यय और ऑडिट रिपोर्ट को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल सहित पड़ोसी राज्य प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं, ऐसे समय में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और रोगी कल्याण समिति जैसी संस्थाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने में अधिक से अधिक योगदान दें।

इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी, वरिष्ठ अधिकारी, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. (प्रो.) रमेश भारती और समिति के सदस्य भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।