Home Business Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में गिरावट, चांदी ₹1200 फिसली, सोना...

Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में गिरावट, चांदी ₹1200 फिसली, सोना ₹660 सस्ता

12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। चांदी 1,200 रुपये टूटकर 2.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोना 660 रुपये सस्ता होकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

घरेलू बाजार में यह गिरावट अंतरराष्ट्रीय संकेतों के दबाव में देखने को मिली। बुधवार को जहां चांदी में जोरदार तेजी दर्ज की गई थी और भाव 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए थे, वहीं गुरुवार को मुनाफावसूली के चलते कीमतों में नरमी आई। सोने के भाव भी पिछले सत्र में 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार गए थे, लेकिन अब इनमें भी गिरावट दिखी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट गोल्ड मामूली कमजोरी के साथ 5,080 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर करीब 2 प्रतिशत गिरकर 82.2 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। अमेरिकी श्रम बाजार के मजबूत आंकड़ों के बाद यह संकेत मिला है कि फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती नहीं कर सकता, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है।

हालांकि हालिया गिरावट के बावजूद, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते इस साल अब तक सोने में करीब 17.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की जा चुकी है। चांदी भी अपने उच्च स्तर से नीचे होने के बावजूद निवेशकों की नजर में बनी हुई है।