12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: घरेलू वायदा बाजार में शुक्रवार सुबह सोना और चांदी वैश्विक संकेतों के बीच मिश्रित रुझान के साथ खुले। एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना वायदा 0.02% की मामूली बढ़त के साथ ₹1,32,496 प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। यह तेजी अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा 25 बेसिस पॉइंट्स की ब्याज दर कटौती के बाद बनी सकारात्मक धारणा का असर है, जिसकी वजह से पिछले सत्र में सोना सात हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
दूसरी ओर, चांदी में रिकॉर्ड स्तरों के पास प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिली। मार्च सिल्वर वायदा 0.54% टूटकर ₹1,97,861 प्रति किलोग्राम पर आ गया। हाल ही में चांदी ₹2 लाख प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंची थी।
बुलियन बाजार में यह उतार-चढ़ाव कमजोर डॉलर इंडेक्स, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और फेड की नीति के बाद निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी का परिणाम माना जा रहा है।
रुपया फिर फिसला, नया रिकॉर्ड निचला स्तर बनाया
शुक्रवार सुबह रुपये में भारी गिरावट दर्ज की गई। डॉलर के मुकाबले रुपया 24 पैसे कमजोर होकर 90.56 पर आ गया, जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने और विदेशी फंड के लगातार बाहर जाने से बाजार की धारणा प्रभावित हुई है।













