गोकुल सिंह नगरकोटी बने कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के प्रधान, भारी मतों से दर्ज की जीत

The elections for the principal office bearers of the

22 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  कुमाऊं सभा, चंडीगढ़ के प्रमुख पदाधिकारियों के चुनाव रविवार, 21 दिसंबर 2025 को सेक्टर-28 स्थित शिव शक्ति सनातन धर्म मंदिर में संपन्न हुए। इस चुनाव में गोकुल सिंह नगरकोटी गुट और सुमन शंकर तिवारी गुट के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। ट्राईसिटी में रहने वाले कुमाऊंनी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रधान पद पर गोकुल सिंह नगरकोटी ने सुमन शंकर तिवारी को 622 मतों से हराकर जीत दर्ज की। गोकुल सिंह नगरकोटी को 860 वोट, जबकि सुमन शंकर तिवारी को 238 वोट मिले।

उप-प्रधान पद पर हरीश पांडेय ने 855 वोट प्राप्त कर मदन मोहन जोशी (221 वोट) को पराजित किया। महासचिव पद पर भगत सिंह रावत ने होशियार सिंह को 640 वोटों के अंतर से हराया। भगत सिंह रावत को 860 वोट, जबकि होशियार सिंह को 220 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मोहिंदर (मनीष बोरा) ने 843 वोट हासिल कर गिरीशचंद्र सिंह (224 वोट) को 619 मतों से मात दी। इस तरह चारों प्रमुख पदों पर गोकुल सिंह नगरकोटी गुट ने जीत दर्ज की।

इस जीत का श्रेय गुट की ओर से किए गए मजबूत जनसंपर्क, सोशल मीडिया पर सक्रिय प्रचार, वरिष्ठ सदस्यों, महिलाओं और युवाओं तक निरंतर पहुंच तथा पिछली कार्यकारिणी के सराहनीय कार्यों को दिया जा रहा है।

जीत के बाद गोकुल सिंह नगरकोटी ने कहा कि यह विजय ट्राईसिटी में रहने वाले हर कुमाऊंनी की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले तीन वर्षों में समाज के विकास और कल्याण के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे और सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

चुनाव के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजे सिंह कंडारी ने मतदान के बाद सदस्यों के लिए जलेबी का आयोजन किया। वहीं मतदान समाप्ति के बाद सभा के सदस्यों ने परिसर में सफाई अभियान चलाकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।