08 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: गोवा के अर्पोरा स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद सरकार ने कड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। पुलिस ने क्लब के चार प्रमुख कर्मचारियों—मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट प्रबंधक प्रियांशु ठाकुर—को गिरफ्तार कर छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं प्रशासन ने रोमियो लेन चेन के वैगेटर और असागाओ स्थित दो अन्य क्लब और एक तटीय ढाबा सील कर दिया है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि क्लब के प्रमोटर सौरभ और गौरव लुथरा की तलाश में एक टीम दिल्ली भेजी गई है, क्योंकि उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि क्लब के अंदर अतिशबाजी के कारण आग भड़की, जबकि इमारत के पास दमकल विभाग का एनओसी भी नहीं था। संकरी गलियों और छोटे निकास मार्गों के कारण कई लोग ग्राउंड फ्लोर और किचन में फंस गए और दम घुटने से मौत हुई।
सरकार ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों—पंचायत के तत्कालीन निदेशक सिद्धि तुषार हरलकर, गोवा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सदस्य सचिव डॉ. शमीला मोंटेइरो और अर्पोरा-नागोवा पंचायत सचिव रघुवीर बगकर—को निलंबित किया है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने घटना पर शोक जताया है। विपक्ष ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है।













