21 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
National Desk: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सावन के दूसरे सोमवार पर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रशासन ने सम्मान स्वरूप हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कांवड़ियों पर फूल बरसाए और मेरठ-मुजफ्फरनगर रोड तथा चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मेरठ पहुंचे और कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने साफ कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे शरारती तत्वों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए कर कार्रवाई की जाएगी। कानून को हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव की भक्ति का पर्व है, जो श्रद्धालुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यात्रा को बदनाम करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी कांवड़ियों से अपील की कि वे अपनी तपस्या और श्रद्धा के साथ ऐसा कोई काम न करें, जिससे शरारती लोग इसका गलत इस्तेमाल कर सकें।












