11 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: मध्य पूर्व में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में अनिश्चितता का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। Delhi और एनसीआर में कई उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग नहीं हो पा रही, जबकि Mumbai, Bhopal समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पिछले सप्ताह 7 मार्च को घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद स्थिति और कठिन हो गई है।
राजधानी दिल्ली में गैस बुकिंग के लिए जारी टोल-फ्री नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे गैस एजेंसियों पर जाकर लाइन में लगना पड़ रहा है। वहीं मुंबई में कई जगहों पर ग्राहकों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से लोग खाना बनाने के लिए बिजली से चलने वाले उपकरणों जैसे इलेक्ट्रिक कुकर, माइक्रोवेव, एयर फ्रायर और हॉट प्लेट की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं, जिससे इन उत्पादों की मांग बढ़ गई है।
मुंबई में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर अब मुख्य रूप से घरेलू उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दे रहे हैं। होटल और रेस्टोरेंट्स को 6 मार्च से गैस की सप्लाई काफी कम कर दी गई है और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति लगभग 80 प्रतिशत तक घट चुकी है। इसका असर शहर के कई पुराने होटलों पर भी दिख रहा है, जहां सीमित गैस स्टॉक के कारण मेनू में कटौती करनी पड़ी है।
हालांकि Mahanagar Gas Limited (MGL) ने कहा है कि उसके नेटवर्क में सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। कंपनी के मुताबिक खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण एलएनजी आयात प्रभावित होने की स्थिति में औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों की गैस सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में ईंधन आपूर्ति पर दबाव और बढ़ सकता है।











