02 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: पंजाब के जालंधर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिवसेना नेता दीपक कंबोज की 22 वर्षीय बेटी मुनमुन चितवान की उनके जन्मदिन के दिन ही मौ/त हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाथरूम में लगे गीजर से गैस लीक होने के कारण वहां कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे दम घुटने से मुनमुन की जान चली गई।
घटना के वक्त घर में मुनमुन के जन्मदिन को लेकर जश्न की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान वह बाथरूम में नहाने गईं। बताया जा रहा है कि बाथरूम बंद होने के कारण गैस बाहर नहीं निकल सकी और कुछ ही देर में वहां दम घुटने जैसी स्थिति बन गई।
दरवाजा तोड़कर निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
काफी देर तक जब मुनमुन बाथरूम से बाहर नहीं आईं और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर मुनमुन बेहोश हालत में पड़ी थीं।
आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृ/त घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और जन्मदिन की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौ/त की असली वजह की पुष्टि हो सकेगी। मुनमुन का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर को किया गया।
परिवार का दर्द
दीपक कंबोज ने बताया कि बेटी के जन्मदिन पर रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया गया था। उन्होंने कहा, “बेटी का इस तरह चले जाना हमारे लिए असहनीय दर्द है।”
परिवार वालों के मुताबिक मुनमुन पढ़ी-लिखी, मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव की थी।
सावधानी जरूरी: बंद बाथरूम में गीजर का इस्तेमाल बेहद खतरनाक हो सकता है। विशेषज्ञ हवादार जगह में गीजर लगाने और समय-समय पर उसकी जांच कराने की सलाह देते हैं।













