गैंगस्टर रोमिल का पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार, पिता ने दी मुखाग्नि; माता-पिता बिलखते रहे

27 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Haryana Desk:  एसटीएफ मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर रोमिल का हुआ अंतिम संस्कार, पिता ने दी मुखाग्नि, मां-बाप फूट-फूट कर रोए                                                                                                        दिल्ली-हरियाणा सीमा पर एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर रोमिल वोहरा का शुक्रवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह संस्कार यमुनानगर के कांसापुर स्थित श्मशान घाट पर हुआ, जहां पिता कपिल वोहरा ने बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। वह अंतिम संस्कार के लिए विशेष अनुमति पर जिला जेल से सुबह सवा 10 बजे लाए गए थे और संस्कार के बाद वापस जेल भेज दिए गए।

संस्कार के दौरान रोमिल की मां रिषा वोहरा पहले से शव के पास बैठी थीं और बेटे को निहारती रही। जैसे ही पिता जेल वैन से उतरे, बेटे के शव के पास पहुंचे और माथे को चूमकर जोर-जोर से रोने लगे। इस दौरान मां-बाप की हालत बेहद दयनीय थी। उन्हें रिश्तेदारों का सहारा देना पड़ा। वहीं, रिश्तेदारों में से कोई अन्य व्यक्ति अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचा, सिर्फ मोहल्ले के कुछ स्थानीय लोग ही वहां मौजूद रहे।

इस दौरान कुछ संदिग्ध चेहरों को भी देखा गया, जिनसे खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ की और पहचान की पुष्टि की। प्रशासन की ओर से पूरे संस्कार स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

गौरतलब है कि रोमिल वोहरा पर हत्या, रंगदारी और अवैध हथियारों से जुड़े कुल आठ गंभीर केस दर्ज थे। वह यमुनानगर के कांसापुर क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी का निवासी था और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। उसकी तलाश में जुटी एसटीएफ ने बीते दिनों डेरा मंडी के पास मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया था।