05 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: वेनेजुएला को दुनिया में सिर्फ अपने विशाल तेल भंडारों के लिए ही नहीं, बल्कि ब्यूटी पेजेंट्स की ‘कारख़ाना’ के रूप में भी जाना जाता है। मिस वर्ल्ड, मिस यूनिवर्स, मिस अर्थ और मिस इंटरनेशनल जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर इस देश की लड़कियों ने दशकों से दबदबा कायम रखा है। अब तक वेनेजुएला की सुंदरियां 7 बार मिस यूनिवर्स, 6 बार मिस वर्ल्ड, 2 मिस अर्थ और 9 मिस इंटरनेशनल का खिताब जीत चुकी हैं। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा इंटरनेशनल ब्यूटी टाइटल जीतने वाला देश वेनेजुएला ही है।
लेकिन सवाल यह है कि आखिर वेनेजुएला की लड़कियां ब्यूटी पेजेंट्स में इतनी सफल क्यों रहती हैं? क्या इसकी वजह सिर्फ नेचुरल ब्यूटी है, या इसके पीछे कोई और बड़ा सिस्टम काम करता है?
सिर्फ सुंदरता नहीं, पूरी तैयारी का खेल
ब्यूटी पेजेंट्स में जीत का पैमाना केवल खूबसूरत चेहरा नहीं होता। फिटनेस, आत्मविश्वास, पर्सनैलिटी, वॉक, कम्युनिकेशन स्किल और तेज दिमाग—इन सभी कसौटियों पर प्रतिभागियों को परखा जाता है। वेनेजुएला में इस सच्चाई को बहुत पहले समझ लिया गया, और इसी वजह से यहां ब्यूटी पेजेंट्स को एक प्रोफेशनल करियर की तरह देखा जाता है।
बचपन से ही ब्यूटी क्वीन बनने की तैयारी
वेनेजुएला में कई लड़कियां बचपन से ही मिस यूनिवर्स या मिस वर्ल्ड बनने का सपना लेकर बड़ी होती हैं। कम उम्र में ही उन्हें कैटवॉक, फिटनेस, डाइट कंट्रोल और पर्सनैलिटी ग्रूमिंग की ट्रेनिंग दी जाने लगती है। देश में कई नामी ब्यूटी एकेडमियां हैं, जिनमें कराकस की बेलेंकाजार ब्यूटी एकेडमी सबसे प्रसिद्ध मानी जाती है। यहां लड़कियों को इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है।
सर्जरी और सख्त डाइट भी बनती है रास्ते का हिस्सा
वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट्स की तैयारी अक्सर बेहद कठोर और दर्दनाक प्रक्रियाओं से होकर गुजरती है। प्लास्टिक सर्जरी, नोज जॉब, ब्रेस्ट इंप्लांट, बट लिफ्ट और सख्त डाइटिंग को आम माना जाता है। कई बार नेचुरल ब्यूटी को निखारने के बजाय लड़कियों को ‘परफेक्ट प्रोडक्ट’ की तरह तैयार किया जाता है।
खिताब की कीमत भी होती है भारी
ब्यूटी क्राउन पाने की इस दौड़ में लड़कियों को बड़ी कीमत भी चुकानी पड़ती है। साल 2013 की मिस वेनेजुएला कंटेस्टेंट वी ने नवा ने खुद खुलासा किया था कि उन्होंने वजन कम रखने के लिए जीभ की सर्जरी करवाई थी, ताकि ठोस खाना न खा सकें। इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट्स सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन और कभी-कभी शारीरिक पीड़ा की कहानी भी हैं।
क्यों बन गया है वेनेजुएला ‘ब्यूटी क्वीन हब’?
ब्यूटी पेजेंट्स को लेकर सामाजिक स्वीकार्यता, मजबूत ट्रेनिंग सिस्टम, प्रोफेशनल गाइडेंस और जीत को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने की सोच—इन सभी कारणों ने वेनेजुएला को ब्यूटी क्वीन का गढ़ बना दिया है। यही वजह है कि तमाम आर्थिक और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद, ब्यूटी पेजेंट्स में वेनेजुएला की चमक आज भी बरकरार है।













