26 मई 2025 ,FACT RECORDER
दिल्ली-NCR के मौसम में असामान्य बदलाव: आंधी-तूफानों की बढ़ती घटनाएं चिंता का कारण, जानिए वजह
मई-जून के महीने आमतौर पर दिल्ली और NCR के लिए भीषण गर्मी और लू लेकर आते हैं, लेकिन इस बार मौसम ने सभी को चौंका दिया है। जहां तेज धूप और गर्म हवाओं की उम्मीद थी, वहां अब बार-बार आंधी, तूफान और बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। कभी-कभी तूफानी हवाएं 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिक भी हैरान
राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में बार-बार बदलता मौसम आम लोगों के साथ-साथ मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है। कुछ विशेषज्ञ इसे ग्लोबल वार्मिंग का असर मान रहे हैं, तो कुछ इसे आने वाले किसी बड़े पर्यावरणीय संकट का संकेत बता रहे हैं।
क्या है इस असामान्यता की वजह?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में हो रहे इस मौसम परिवर्तन के पीछे मुख्य कारण लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) हैं।
पंजाब और जम्मू-कश्मीर के पास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वहां चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन गया है।
ऐसा ही एक क्षेत्र उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पास समुद्र तल से करीब 1.5 किमी ऊंचाई पर भी बन रहा है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाएं भी वातावरण में नमी बढ़ा रही हैं, जिससे अस्थिरता और बढ़ रही है।












