24 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में सोमवार सुबह सड़क पर चार कारतूस मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला ट्रिब्यून कॉलोनी का है, जहां मीडिया से जुड़े लोग और उनके परिवार रहते हैं। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कारतूस कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए कारतूस बड़े साइज के हैं और यह किसी सामान्य तमंचे, पिस्टल या रिवॉल्वर के नहीं लगते।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले यानी रविवार शाम, कॉलोनी में संदिग्ध युवक-युवती तेज रफ्तार कार से आए थे। उनके हाथ में हथियार होने की आशंका जताई गई और उन्होंने कॉलोनी में कार दौड़ाकर बच्चों और लोगों की जान को खतरे में डाला। कॉलोनीवासियों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस से युवक-युवती और उनकी कार की चेकिंग की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कहा कि चेकिंग थाने में ही की जाएगी। सोमवार सुबह पुलिस ने कारतूस मिलने के मामले में उनसे पूछताछ की और बताया कि युवक-युवती को थाने में रखा गया है।
पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने में लगी है कि कारतूस किसने छोड़े और उनका उद्देश्य क्या था।











