हरियाणा के 18 सरकारी विभागों के खातों में ₹590 करोड़ की कथित हेराफेरी, चार बैंक अधिकारी सस्पेंड

23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा के करीब 18 सरकारी विभागों के बैंक खातों में लगभग 590 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यह अनियमितता IDFC First Bank की चंडीगढ़ शाखा से जुड़े खातों में पाई गई, जिसके बाद बैंक ने प्रारंभिक जांच करते हुए चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह मामला तब उजागर हुआ जब एक सरकारी विभाग ने अपना खाता बंद कर फंड ट्रांसफर कराने का अनुरोध किया और खाते में दर्ज राशि से कम बैलेंस पाया गया। इसके बाद अन्य विभागों ने भी अपने-अपने खातों की जांच करवाई, जिसमें कई खातों में भारी गड़बड़ी सामने आई। 18 फरवरी 2026 से शुरू हुई आंतरिक जांच में करोड़ों रुपये की राशि में असंगति की पुष्टि हुई।

बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मामले में केवल आंतरिक नहीं, बल्कि बाहरी व्यक्तियों की भूमिका की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल फोरेंसिक ऑडिट जारी है, पुलिस को औपचारिक सूचना दे दी गई है और पूरी 590 करोड़ रुपये की राशि रिकॉन्सिलिएशन प्रक्रिया में है। वास्तविक वित्तीय नुकसान का आंकलन क्लेम वैलिडेशन, रिकवरी और कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित फ्रॉड से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।