पुतिन की सेहत न टोह सके विदेशी एजेंट, अलास्का समिट में अपनाई गई विशेष रणनीति

पुतिन की सेहत न टोह सके विदेशी एजेंट, अलास्का समिट में अपनाई गई विशेष रणनीति

18 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: पुतिन की सेहत की जानकारी न जुटा सकें विदेशी ताकतें, अलास्का समिट में उठाया गया अनोखा कदम                                                                                                                  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेहत को लेकर कोई भी जानकारी विदेशी ताकतें हासिल न कर सकें, इसके लिए अलास्का शिखर सम्मेलन के दौरान खास सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुतिन के सुरक्षा गार्ड उनके मानव अपशिष्ट (मल) को एकत्र करने के लिए एक विशेष सूटकेस लेकर चलते हैं और उसे रूस वापस ले जाते हैं।

फ्रांसीसी प्रकाशन पेरिस मैच के खोजी पत्रकारों ने खुलासा किया है कि पुतिन की संघीय सुरक्षा सेवा (एफपीएस) के सदस्य यह प्रक्रिया 1999 से लगातार अपनाते आ रहे हैं। बताया जाता है कि इसी तरह की व्यवस्था उनके 2017 के फ्रांस दौरे और वियना यात्रा के दौरान भी की गई थी। कई बार पुतिन ने विदेशों में पोर्टेबल टॉयलेट का इस्तेमाल भी इसी कारण किया।

इस उपाय का मकसद है कि कोई भी विदेशी एजेंसी पुतिन के अपशिष्ट से उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी न जुटा पाए। हाल के वर्षों में पुतिन की सेहत को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले वर्ष कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके पैरों में कंपन देखने को मिला था। डॉक्टरों ने आशंका जताई थी कि यह पार्किंसन जैसी बीमारी का संकेत हो सकता है। 2023 में बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको से मुलाकात के दौरान भी वे झटके खाते दिखे थे।

हालांकि, क्रेमलिन ने अतीत में कई बार पुतिन की गंभीर बीमारियों से जुड़ी अफवाहों को खारिज किया है।