रसोई गैस सिलेंडर के लिए पैनिक बुकिंग से बचें उपभोक्ता, आवश्यकतानुसार ही करवाएं बुकिंग, विभाग ने की अपील
मंडी, 09 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बृजेंद्र सिंह पठानिया ने आज यहां बताया कि विभाग द्वारा जिला में घरेलू एल.पी.जी. सिलेंडरों की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। जिला में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके ग्राहक संख्या के अनुसार बुकिंग करवाकर घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र में 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के बाद बुकिंग कर उपभोक्ता गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बुकिंग एवं आपूर्ति की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है तथा विभाग द्वारा अब तक कुल 497 निरीक्षण किए गए हैं। इनमें 50 सिलेण्डर जब्त कर आगामी आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। विभाग ने अनुरोध किया है कि एल.पी.जी. उपभोक्ता गैस बुकिंग के लिए परेशान न हों तथा पैनिक बुकिंग के बजाय अपनी आवश्यकतानुसार गैस बुक करवाएं ताकि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार विस्तार बिंदु पर एल.पी.जी. सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा सकें।
विभाग ने उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया है कि वे शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अपने फोकल बिंदु पर ही घरेलू गैस प्राप्त करें। कोई भी उपभोक्ता गोदाम से सिलेंडर प्राप्त न करें तथा अनावश्यक रूप से गैस की गाड़ियों का न रोकें। उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेन्सी प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गोदाम से घरेलू सिलेण्डर न देकर निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी व ग्रामीण क्षेत्रों में फोकल बिंदुओं के माध्यम से ही घरेलू सिलेंडर का वितरण ग्राहक संख्या बुकिंग के अनुसार ही करें, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने व्यापारिक सिलेण्डर प्रयोग कर रहे होटल/ढाबा मालिक व अन्य संस्थानों से भी आग्रह किया है कि वे अपनी मांग सम्बन्धित गैस एजेन्सी में लिखित तौर पर देना सुनिश्चित करें ताकि मांग के अनुसार व्यापारिक सिलेंडर की आपूर्ति प्लांट से करवाई जा सके।













