23 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Rashifal Desk: हरियाली अमावस्या 2025: पितृ दोष से मुक्ति पाने के लिए करें ये खास उपाय हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष महत्व होता है, खासकर श्रावण मास में पड़ने वाली अमावस्या को “हरियाली अमावस्या” कहा जाता है। इस दिन पितरों की आत्मा की शांति और तृप्ति के लिए तर्पण, दान और विशेष पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है। साल 2025 में हरियाली अमावस्या का पर्व 24 जुलाई, गुरुवार को मनाया जाएगा। यह तिथि 23 जुलाई की रात 2:28 बजे से शुरू होकर 24 जुलाई की रात 12:40 बजे तक रहेगी।
हरियाली अमावस्या के दिन पितृ दोष से मुक्ति पाने और शिव कृपा प्राप्त करने के लिए कुछ विशेष उपाय करने की परंपरा है:
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और शिवलिंग का जलाभिषेक करें। साथ ही, शिवलिंग पर सफेद चीजें जैसे दूध, चावल या दही अर्पित करें।
इस दिन चावल, आटा, दही, चीनी, नमक और दूध का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। इन्हें किसी ब्राह्मण या ज़रूरतमंद को दान करें।
पितृ दोष से राहत पाने के लिए छाता, कपड़े, चप्पल और जूते जैसी उपयोगी वस्तुओं का दान करें।
यदि संभव हो तो गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करें। नहीं तो घर पर नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें।
रात में पूजा की थाली में ऊँ का चिन्ह बनाकर उसमें महालक्ष्मी यंत्र स्थापित करें और विधिवत पूजन करें। ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
हर माह की अमावस्या तिथि पितरों को समर्पित होती है। श्रावण अमावस्या पर किए गए दान-पुण्य और पितृ तर्पण से पितरों की कृपा प्राप्त होती है और पितृ दोष से मुक्ति मिलने का मार्ग प्रशस्त होता है।











