11 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: : चर्चित इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी हत्याकांड में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए खरड़ निवासी आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। जिला क्राइम सेल ने उसे सेक्टर 24 चंडीगढ़ से पकड़ा। पुलिस के अनुसार राहुल ने पैरी की हत्या में शामिल शूटरों को वारदात के लिए इस्तेमाल की गई कार और अन्य सामान उपलब्ध कराया था। अदालत में पेश करने के बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल किन-किन लोगों के संपर्क में था और वारदात की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी। एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि राहुल ने शूटरों को राजस्थान के कोटा से चोरी की गई कार उपलब्ध करवाई थी। पुलिस यह भी जांच रही है कि कार पर नया चेसिस नंबर किसने और कहाँ गुदवाया। आरोपी के मोबाइल की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राहुल लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके करीबियों के संपर्क में था तथा उसे पहले से पता था कि पैरी की हत्या क्रेटा कार से की जानी है। इस बीच पुलिस पहले ही शूटर पीयूष पिपलानी और अंकुश राणा की पहचान कर चुकी है और उनकी तलाश के लिए चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।
गौरतलब है कि 1 दिसंबर शाम 6 बजे सेक्टर 26 टिंबर मार्केट में पैरी की गोली मारकर ह/त्या कर दी गई थी। वारदात के बाद संदिग्ध कार सीसीटीवी में कैद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने उसका पीछा करते हुए खरड़ और लुधियाना तक पहुंचकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।













