Rohit Shetty के घर फा*यरिंग केस: राजस्थान से शूटर गिरफ्तार, मकोका के तहत कार्रवाई; Lawrence Bishnoi गैंग से जुड़े तार

16 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य शूटर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है और उसे मुंबई लाया जा रहा है। संभावना है कि आरोपी को आज ही अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।
इस मामले में यह पहली

गिरफ्तारी नहीं है। इससे पहले भी क्राइम ब्रांच ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था। हाल ही में हरियाणा से चार आरोपियों को संयुक्त अभियान में पकड़ा गया था। जांच के दौरान पुलिस को वारदात से जुड़े CCTV फुटेज भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस केस में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का मकसद शहर में दहशत फैलाकर उगाही करना था। जांच एजेंसियों ने पुणे से मुंबई तक घटनाक्रम को रीक्रिएट कर उसकी वीडियोग्राफी भी की है, जिसे कोर्ट में साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन
जांच में सामने आया है कि इस वारदात के तार कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर ने कथित रूप से फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लेन-देन की बात भी स्वीकार की है। लोनकर पहले भी अभिनेता Salman Khan के बांद्रा स्थित घर पर फायरिंग और एनसीपी नेता Baba Siddique की हत्या के मामले में वांछित बताया जाता रहा है।
स्कूटी से आए थे हमलावर
यह घटना 31 जनवरी और 1 फरवरी की मध्यरात्रि को जुहू स्थित ‘शेट्टी टावर्स’ में हुई थी। आरोप है कि स्कूटी सवार शूटर ने पहली मंजिल पर कम से कम पांच राउंड फायरिंग की और फिर साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सामने आए CCTV वीडियो में हमलावर को तेजी से भागते हुए देखा गया है।
वारदात के बाद रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता Ranveer Singh को भी धमकी मिलने की बात सामने आई है।