श्रीनगर और बांदीपोरा में आग का कहर, 14 दुकानें और कॉटन फैक्टरी जलकर खाक

27 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के मुख्य बाजार में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से करीब 14 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भड़की और तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण भारी नुकसान हुआ। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में करोड़ों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।

उधर, श्रीनगर के एचएमटी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक कॉटन प्रोसेसिंग फैक्टरी में भी आग लग गई, जिससे फैक्टरी पूरी तरह चपेट में आ गई। स्टेट फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही मजगुंड फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर भी तैनात किए गए।

आग बुझाने का अभियान एडीजीपी फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की निगरानी में चलाया गया। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्टरी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

दोनों घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारी और निवासी चिंतित हैं तथा बेहतर सुरक्षा इंतजामों की मांग कर रहे हैं।