23/April/2025 Fact Recorder
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बीते मंगलवार को आतंकवादियों ने टूरिस्टों को बर्बर तरीके से मौत के घाट उतार दिया। इस हमले से पूरा देश सदमे में है। जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हमले में अभी तक 26 मासूमों की जान चली गई है। इस मामले पर देशभर के लोग आक्रोश जाहिर कर रहे हैं। इस घटना पर अक्षय कुमार से लेकर संजय दत्त समेत कई सेलेब्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। अब इस दुखद घटना पर विक्की कौशल, आम्रपाली दूबे जैसे कुछ सितारों ने न्याय की मांग करते हुए इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है।
विक्की कौशल ने अमानवीय कृत्य बतायl अभिनेता विक्की कौशल ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, ‘पहलगाम में आतंकवादियों के अमानवीय कृत्य से अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के दर्द की कल्पना नहीं कर सकता। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके साथ है। साथ ही उम्मीद है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।’
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने न्याय का जताई उम्मीद सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाते हुए इस दर्दनाक हमले की निंदा की है। उन्होंने लिखा, ‘जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मासूम नागरिकों पर आतंकवादी हमला एक कायरतापूर्ण कृत्य है। मुझे हमारे सैनिकों पर पूरा भरोसा है और यकीन है कि वे आवश्यक कार्रवाई करेंगे और न्याय दिलाएंगे। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ हैं। जय हिंद।’
आम्रपाली दुबे ने न्याय की मांग की भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए न्याय की मांग की है। इसमें अभिनेत्री ने लिखा, ‘कब तक अपने ही देश में डर के जिया जाएगा। वे पर्यटक थे, बहुत दर्दनाक घटना। पीड़ित परिवारों और पूरे देश को तुरंत न्याय मिलना चाहिए।’