च्योट उप डाकघर बंद करने के फैसले के खिलाफ उग्र जनआंदोलन

गोहर, मंडी ज़िला, 17 फरवरी, 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  चच्योट में उप डाकघर बंद करने के आदेश के विरोध में आज दूसरा दिन भी जनता का आक्रोश उग्र रूप लेता दिखा। सैंकड़ों ग्रामीणों ने मंडी-जंजैहली सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर चक्का जाम कर दिया।

मौके पर मंडी डाक विभाग के एसएसपीओ संजय कुमार, एसडीएम गोहर देवी राम, डीएसपी हेडक्वार्टर मंडी दिनेश कुमार और गोहर पुलिस बल पहुंचे। एसएसपीओ ने जनता की बातें सुनी और आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुए। जोरदार हंगामे के बीच पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोग सुबह 9 बजे से ही कटलोग पोस्टऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका मुख्य आरोप था कि चच्योट जैसे दूर-दराज़ क्षेत्र में उप डाकघर बंद होने से बुज़ुर्गों, महिलाओं और बैंकिंग सेवाओं पर निर्भर लोगों को बड़ी परेशानी होगी। अब उन्हें कई किलोमीटर दूर चैलचौक या गोहर जाना पड़ेगा।

एसएसपीओ ने बताया कि चच्योट में अब केवल शाखा स्तर की सेवाएं ही मिलेंगी और आरडी जमा करने के लिए जनता को चैलचौक या गोहर जाना होगा। उल्लेखनीय है कि चच्योट उप डाकघर से 40-50 लाख रुपये का कारोबार होता था।

प्रदर्शन के दौरान यह मुद्दा राजनीतिक रंग भी ले गया। स्थानीय विधायक विनोद कुमार की गैरमौजूदगी पर नाराज़गी जताई गई। धरने में चच्योट पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी नरेश चौहान और संजय डोगरा भी मौजूद थे।

स्थानीय जनता का कहना है कि एसएसपीओ द्वारा दिए गए आश्वासन केवल कागज़ी तौर पर थे और पांच घंटे तक चले प्रदर्शन में कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों का मुख्य उद्देश्य पोस्टऑफिस को चच्योट से पूरी तरह बंद न करने का था।