फौजा सिंह हिट एंड रन केस: फॉर्च्यूनर से टक्कर मारने वाला NRI अमृतपाल गिरफ्तार, हादसे के बाद गांव में छिपा था

16 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर 

Punjab Desk: फौजा सिंह हिट एंड रन केस: NRI आरोपी अमृतपाल सिंह गिरफ्तार, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से दी थी टक्कर                                                                                                                         पंजाब पुलिस ने बुधवार को 114 वर्षीय मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह की सड़क दुर्घटना में मौ*त के मामले में आरोपी अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया। यह हादसा जालंधर-पठानकोट हाईवे पर हुआ था।

आईएएनएस के मुताबिक, अमृतपाल सिंह ढिल्लों करतारपुर, जालंधर का रहने वाला 26 वर्षीय एनआरआई है, जो कनाडा में अपने परिवार के साथ रहता है। घटना से कुछ दिन पहले ही वह भारत लौटा था। पुलिस ने बताया कि वह टोयोटा फॉर्च्यूनर चला रहा था, जिससे फौजा सिंह को टक्कर मारी गई। हादसे के बाद आरोपी गांव भाग गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे ट्रैक कर हिरासत में ले लिया। गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ढिल्लों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि हादसे के वक्त वह भोगपुर से किशनगढ़ जा रहा था और कार में अकेला था। उसी दौरान फौजा सिंह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उन्हें टक्कर मार दी। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई।

यह मामला आदमपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है, और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

फौजा सिंह: प्रेरणा का प्रतीक

1 अप्रैल, 1911 को ब्यास पिंड (जालंधर) में जन्मे फौजा सिंह ने 100 साल की उम्र के बाद भी मैराथन दौड़ कर दुनियाभर में मिसाल कायम की। उन्होंने 1994 में बेटे की मौत के बाद दौड़ना शुरू किया और इंग्लैंड प्रवास के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 89 साल की उम्र में दौड़ में हिस्सा लेना शुरू किया।

उन्होंने 100 वर्ष की उम्र में एक ही दिन में आठ विश्व आयु वर्ग रिकॉर्ड अपने नाम किए और 90+ आयु वर्ग में कई अंतरराष्ट्रीय मैराथनों में भाग लिया। फौजा सिंह को दृढ़ इच्छाशक्ति और हिम्मत का प्रतीक माना जाता है।