fatehabad-tohana-chandarkala-village-stored-stubble-bales-fire-incident | टोहाना में पराली की गांठों में लगी आग: किसानों को 15 लाख का नुकसान, फैक्ट्री मालिक पर राख फेंकने का आरोप – Tohana News

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना के गांव चंदड़कला में किसानों द्वारा जमा की गई पराली की गांठों में अचानक आग लग गई। हादसे में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है, ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके।

गांव-गांव जाकर पराली की खरीदी थी

गांव इंदा छोई के रहने जोगिंदर सिंह और फतेहपुरी के मंगा सिंह ने धान के सीजन में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक किया था। उन्होंने गांव-गांव जाकर किसानों से पराली की खरीदी थी। चंदड़कला से इंदा छोई रोड पर उन्होंने करीब 40 हजार पराली की गांठें जमा की थी, ताकि उनको बेचकर मुनाफा कमा लेंगे, लेकिन उससे पहले यह नुकसान हो गया।

ग्रामीणों ने बुझाने का किया प्रयास

गुरुवार को अचानक पराली की गांठों से धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने मंगा सिंह को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने आग को अपने स्तर पर बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी गई। विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फैक्ट्री मालिक ने खुली जगह पर राख फेंकी

मंगा सिंह ने पास की रिफाइनरी के मालिक पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फैक्ट्री मालिक ने खुली जगह पर राख फेंकी, जिससे आग लगी। पीड़ित किसानों ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सरकार से नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है।