26/March/2025 Fact Recoder
फतेहाबाद में टोहाना के दशमेश नगर में दो बाइक सवार युवक महिला का मोबाइल छीनकर भाग गए। महिला फोन पर किसी से बात कर रही थी। पीड़िता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता मीना चंदड़ कला की रहने वाली है। घटना 24 मार्च की शाम साढ़े 6 बजे की है। मीना खेत से काम करके लौट रही थी। वह गणेश राइस मिल के पास फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान दशमेश नगर की तरफ से आए दो बाइक सवार युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। आरोपी टोहाना की तरफ फरार हो गए।
फॉर्म पर मजदूरी करती है महिला
पीड़िता मीना दशमेश नगर स्थित मिंटू सिंह के फॉर्म पर मजदूरी का काम करती है। उसने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद उसने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। स्नैचिंग की यह वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304 (3),(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सदर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।