फतेहाबाद: खड़ी बाइक का 20,500 रुपये का चालान, युवक का आरोप – थाने में तीन घंटे रोका गया

23 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस कार्रवाई को लेकर एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। युवक सुरेश का आरोप है कि पुलिस ने उसकी खड़ी बाइक का बिना दस्तावेज जांचे 20,500 रुपये का चालान काट दिया। विरोध करने पर उसे जबरन थाने ले जाकर लगभग तीन घंटे तक रखा गया। थाने में उसका मोबाइल फोन छीनकर वीडियो डिलीट भी करवाया गया।

हालाँकि सुरेश ने मोबाइल के बैकअप से वीडियो दोबारा रिकवर कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब वायरल हो रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला पुराना है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी।

युवक के अनुसार, वह अपने गांव नहराना से फतेहाबाद स्थित फैक्ट्री में काम करता है। 18 नवंबर को वह अपने एक साथी के साथ बाइक से लौट रहा था। रास्ते में एक होटल पर रुककर शराब पीने लगा, तभी पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और बहस हो गई।

सुरेश का कहना है कि बहस से नाराज होकर पुलिस ने होटल के बाहर खड़ी उसकी बाइक का चालान काट दिया। वीडियो बनाने पर पुलिस ने उसे थाने ले जाकर तीन घंटे तक रोका और धमकाया। बाद में उसके साथी और ग्रामीणों की मदद से उसे छोड़ा गया।

युवक ने बताया कि बाइक की कीमत मुश्किल से 15 हजार रुपये है, लेकिन पुलिस ने ड्राइविंग बिना लाइसेंस, ड्रंकन ड्राइविंग समेत चार आरोपों में 20,500 रुपये का चालान काटा। वह लोक अदालत में चालान निरस्त होने की उम्मीद में इंतजार कर रहा है।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी चालान काटते और युवक से गांव तथा मोबाइल नंबर पूछते नजर आ रहे हैं।

भट्टू थाना प्रभारी राधेश्याम ने कहा कि यह मामला पुराना है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवक वीडियो वायरल करना जारी रख सकता है।