कीरतपुर साहिब, 01 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता वाली पंजाब सरकार ने झोने की खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का आश्वासन दिया है। कैबिनेट मंत्री स. हरजोत सिंह बैन्स के निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर रूपनगर श्री वर्जीत वालिया की अगुवाई में अनाद मण्डियों में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। किसानों की फसल जल्द से जल्द खरीदी जाएगी और भुगतान भी निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।
यह जानकारी मार्केट कमेटी के सचिव नरिंदर सिंह ने कीरतपुर साहिब अनाज मंडी में किसानों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल तभी मंडियों में लाएं जब वह पूरी तरह से पकी हो और नमी 17 प्रतिशत से अधिक न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार जिला और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह वचनबद्ध हैं कि खरीद सीजन सुचारू और किसान हितैषी हो और मंडियों में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आए। सरकार फसल का हर दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
आज तक कीरतपुर साहिब अनाज मंडी में 76 मीट्रिक टन झोना आया है, जिसमें से 56 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। आज मंडी में 20 मीट्रिक टन झोने की आमद हुई है। किसानों को सरकार के निर्देशानुसार 48 घंटे के भीतर फसल का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
साथ ही किसानों से अनुरोध किया गया कि केवल सुखा झोना ही मंडियों में लाएं और पराली जलाने से परहेज करते हुए फसल का जिम्मेदार प्रबंधन करें। मंडियों में खरीद व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित की गई है, जिसमें सफाई, प्रकाश, पीने योग्य पानी, नमी मीटर और तिरपाल आदि की सुविधाएं शामिल हैं।













