आईटीआई रोड पर भरा सीवरों का पानी।
फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में स्थिति गंभीर बनी हुई है। आईटीआई रोड पर पिछले एक महीने से सीवर का पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है। टूटी सड़कें और सीवर का ओवरफ्लो स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।
।
स्थानीय महिला सरोज और कृष्णा ने बताया कि सरकारी क्वार्टरों से आ रहे सीवर के पानी ने उनका और उनके बच्चों का जीवन दूभर कर दिया है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि सब्जी विक्रेता भी यहां आने से कतराते हैं। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सड़क के दूसरी तरफ जाना पड़ता है।
पानी भरने के कारण पलटा वाहन
वहीं शनिवार को भी एक वाहन लोहे के सरिये लेकर जा रहा था। पानी भरा होने के कारण फिसलन बन गई। जिसके कारण वाहन पलट गया। गनीमत रही कि जान माल का नुकसान नहीं हुआ। हादसा होते-होते टल गया।

सड़क पर पानी भरा होने के कारण पलटा वाहन।
पानी के कारण गड्ढे नजर नहीं आते
वाहन चालकों के लिए भी यह रास्ता खतरनाक साबित हो रहा है। सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे नजर नहीं आते। कई बार वाहन पलटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार नगर निगम और स्थानीय नेताओं से मिल चुके हैं।
निवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन जीतने के बाद उनकी समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं देते। स्थानीय लोगों ने दैनिक भास्कर के माध्यम से प्रशासन से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।












