faridabad accident LPG cylinder caught fire four people burnt haryana |update | फरीदाबाद में एलपीजी सिलेंडर में लगी आग: गैस एजेंसी कर्मचारी समेत चार लोग झुलसे, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर – Faridabad News

सिलेंडर में आग लगने से आग में झुलसे लोगों का सिविल अस्पताल में इलाज करते हुए अस्पताल कर्मचारी

हरियाणा के फरीदाबाद के सारन थाना इलाके में एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से गैस कर्मचारी सहित चार लोग आग की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची, पुलिस सभी को इलाज के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर आ गई।

सिलेंडर ठीक करते समय लगी आग

सारन थाना इलाके में रहने वाले परिवार के मुखिया जबका ने बताया कि कुछ दिन पहले राज गैस एजेंसी से वो नया सिलेंडर लेकर आए थे। शुक्रवार की शाम को उन्होंने नया गैस सिलेंडर लगाया रसोई में लगाया था। लेकिन वह काम नही कर रहा था। जिसको ठीक करने के लिए एजेंसी की तरफ से कर्मचारी निर्मल आया था। कर्मचारी ने सिलेंडर की जांच के दौरान रसोई में माचिस से जला दी,जिससे रसोई में आग भड़क गई।

सिविल अस्पताल में आग में झुलसे व्यक्ति का इलाज करता अस्पताल का कर्मचारी

सिविल अस्पताल में आग में झुलसे व्यक्ति का इलाज करता अस्पताल का कर्मचारी

परिवार के तीन लोग चपेट में आए

एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से गैस कर्मचारी सहित चार लोग इसकी चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए। आग से झुलसने वालों में परिवार का मुखिया जबका, उसकी बेटी पायल, बेटा सचिन और गैस एजेंसी कर्मचारी निर्मल शामिल है। आग लगने के बाद आस पास के लोगों ने मदद करके सभी को घर से बाहर निकाला।

कर्मचारी बोला किचन से नही निकला प्रेशर

परिवार की शिकायत पर राज गैस एजेंसी की तरफ से सिलेंडर ठीक करने के लिए पहुंचे कर्मचारी निर्मल ने बताया कि, घर का किचन काफी छोटा था। जब उन्होंने सिलेंडर को चैक करने के लिए पेचकस की मदद से गैस सिलेंडर को खोला तो गैर का प्रैशर बाहर नही निकाल पाया। इसके बाद चूल्हा जलाने के लिए उन्होंने माचिस जलाई तो रसोई में फैली एलपीजी गैस ने आग पकड़ ली।

चारों को दिल्ली रेफर किया

मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस आग में झुलसे चारों को बीके सिविल अस्पताल इलाज के लिए लेकर आई। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस कर्मचारी श्याम सुंदर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।