चुनाव अभी 2 साल दूर, फिर भी राहुल गांधी के ताबड़तोड़ गुजरात दौरे – क्या है वजह?

चुनाव अभी 2 साल दूर, फिर भी राहुल गांधी के ताबड़तोड़ गुजरात दौरे – क्या है वजह?

18 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk:  राहुल गांधी का गुजरात पर फोकस, 6 महीने में 7वां दौरा – 2027 चुनाव की तैयारी तेज  कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को गुजरात दौरे पर रहेंगे। यह उनका पिछले 6 महीनों में सातवां और एक हफ्ते में दूसरा दौरा है। राहुल जूनागढ़ में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप के समापन सत्र में शामिल होंगे।

गुजरात लंबे समय से बीजेपी का गढ़ रहा है, लेकिन राहुल यहां लगातार सक्रिय रहकर पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी योजना आने वाले महीनों में राज्य की सभी 182 विधानसभा सीटों का दौरा करने की है, ताकि जमीनी हालात का आकलन किया जा सके। राहुल पहले भी कह चुके हैं कि “बीजेपी को राष्ट्रीय स्तर पर हराने का रास्ता गुजरात से होकर जाता है।”

📌 2027 चुनाव पर नजर
गुजरात में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। राहुल का मानना है कि अगर बीजेपी यहां हारती है तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की हार मानी जाएगी। 2017 में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर बीजेपी को कड़ी चुनौती दी थी, जबकि 2022 में कांग्रेस सिर्फ 17 सीटों पर सिमट गई।

📌 नई टीम और प्रशिक्षण
गुजरात में नए जिला प्रमुखों के लिए चल रहे इस कैंप में संगठन, विचारधारा और चुनावी रणनीति पर फोकस किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि “गुजरात से देश को आजादी और एकता देने वाले नेता आए, लेकिन अब यहां से दिल्ली गए नेता आजादी छीन रहे हैं।”

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य में जल्द ही नगर निकाय चुनाव होने हैं। राहुल की लगातार यात्राओं को कांग्रेस की नई रणनीति और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।