04 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: शुक्रवार रात उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और जम्मू और कश्मीर में भी लोगों ने धरती को हिलते हुए महसूस किया, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 दर्ज की गई। इसका केंद्र हिंदूकुश क्षेत्र में था, जो जमीन से लगभग 150 किलोमीटर की गहराई में स्थित बताया गया है।
झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और फ्लैट्स से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का असर भारत के अलावा पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में भी महसूस किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों की आपसी टकराहट और दबाव के कारण आता है। जब यह दबाव अचानक रिलीज होता है, तो ऊर्जा के रूप में कंपन पैदा होता है, जिसे हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता मापी जाती है। सामान्यतः 5 से 6 तीव्रता के भूकंप मध्यम श्रेणी में आते हैं, जिनसे हल्के से मध्यम झटके महसूस होते हैं, लेकिन बड़े नुकसान की संभावना कम रहती है।













