05 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: रंगों के त्योहार Holi के दौरान लोग जमकर रंग खेलते हैं, लेकिन कई बार केमिकल युक्त रंग गलती से आंखों में चले जाते हैं, जिससे आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है। ऐसे में तुरंत सही कदम उठाना बेहद जरूरी होता है।
दिल्ली के Sir Ganga Ram Hospital के नेत्र रोग विभाग के पूर्व एचओडी और Vision Eye Centre के प्रमुख Dr. A.K. Grover बताते हैं कि होली के दौरान आंखों को रंगों से बचाकर रखना बेहद जरूरी है। कई रंगों में लेड ऑक्साइड, कॉपर सल्फेट, भारी धातुएं, अम्ल, क्षार, अभ्रक, एस्बेस्टस, टैल्क, सिलिका और यहां तक कि पिसा हुआ कांच भी हो सकता है, जो आंखों में जलन, एलर्जी और गंभीर मामलों में अंधेपन तक का कारण बन सकता है।
आंखों में रंग चला जाए तो तुरंत क्या करें?
1. आंखों को तुरंत पानी से धोएं
अगर रंग आंखों में चला जाए तो सबसे पहले आंखों को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। इससे आंखों में गया रंग बाहर निकलने में मदद मिलती है।
2. कॉन्टैक्ट लेंस तुरंत निकालें
अगर आपने कॉन्टैक्ट लेंस पहने हुए हैं, तो आंख धोने से पहले ही उन्हें निकाल दें। लेंस केमिकल को सोख लेते हैं, जिससे आंखों को लंबे समय तक नुकसान हो सकता है।
3. हथेली में पानी भरकर आंख साफ करें
लेंस निकालने के बाद हथेलियों को कप की तरह बनाकर साफ पानी भरें और उसमें आंखें खोलने की कोशिश करें। बार-बार पलकें झपकाएं और आंखों को हल्का-हल्का घुमाएं, ताकि रंग बाहर निकल सके।
4. रुमाल या टिशू से आंख न रगड़ें
डॉक्टरों के अनुसार आंखों को साफ करने के लिए रुमाल या टिशू पेपर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे आंखों में और ज्यादा जलन या चोट लग सकती है।
5. जरूरत पड़े तो आई ड्रॉप्स लें
अगर आपके पास लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स हैं तो उनका इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर आंखों में तेज दर्द, जलन या कोई कण महसूस हो रहा हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
विशेषज्ञों का कहना है कि होली खेलते समय हमेशा सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें और आंखों को बचाने के लिए सावधानी बरतें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी परेशानी में न बदलें।













