03 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Rashifal Desk: आज से वैशाख माह की शुरुआत हो चुकी है, जिसे धार्मिक दृष्टि से बेहद पवित्र और फलदायी माना जाता है। इस माह का समापन वैशाख पूर्णिमा के दिन होता है। मान्यता है कि इस दौरान किए गए दान-पुण्य का कई गुना अधिक फल मिलता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी माह में भगवान विष्णु ने मधु नामक असुर का वध किया था, इसलिए इसे ‘माधव मास’ भी कहा जाता है। इस दौरान विष्णु जी के मधुसूदन स्वरूप की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है।
स्कंद पुराण में भी वैशाख मास को सबसे श्रेष्ठ महीनों में बताया गया है। इस माह में स्नान, दान और पूजा करने से धन-धान्य और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
वैशाख माह में करें इन चीजों का दान
जल का दान:
गर्मी के इस मौसम में जल का दान सबसे उत्तम माना गया है। सूर्य देव को जल अर्पित करने और जरूरतमंदों को पानी या मटका दान करने से विशेष पुण्य मिलता है।
फल का दान:
तरबूज, खरबूजा और बेल जैसे ठंडक देने वाले फलों का दान करना शुभ माना जाता है। इससे घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
छाता और चप्पल:
गर्मी से राहत देने के लिए जरूरतमंदों को छाता और चप्पल दान करना बेहद पुण्यकारी माना गया है। इससे कुंडली के राहु-केतु दोष शांत होने की मान्यता है।
वस्त्र दान:
इस माह में गरीबों को वस्त्र दान करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है और जीवन में सकारात्मकता आती है।
सत्तू का दान:
गर्मियों में सत्तू शरीर को ठंडा रखता है। इसलिए इसका सेवन और दान दोनों ही शुभ माने गए हैं।
धार्मिक मान्यता है कि वैशाख माह में श्रद्धा और सच्चे मन से किया गया दान व्यक्ति के जीवन में बरकत, सुख और शांति लेकर आता है।









