कांग्रेस द्वारा सत्ता में आने के बाद मजदूरों के हितों की लगातार अनदेखी की गई
चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बजट सत्र के दौरान ‘वीबी-जी राम जी (विकसित भारत–ग्रामीण आजीविका एवं मजदूरी गारंटी योजना)’ पर अपने विचार रखते हुए कहा कि इस योजना के समर्थन में सदन में चर्चा बेहद आवश्यक थी, ताकि मजदूरों के बीच फैले भ्रम को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने अलग-अलग समय पर जवाहर रोजगार, एसजीआरवाई, नरेगा और मनरेगा जैसी योजनाएं शुरू कीं, लेकिन केवल नाम बदलने से मजदूरों की स्थिति नहीं बदली। कांग्रेस सरकारों के दौरान इसके ज़मीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए।
श्री गंगवा ने बताया कि जब उन्होंने राजनीति की शुरुआत की, तब रोजगार सृजन के लिए जोहड़ और तालाबों की खुदाई जैसे कार्य कराए जाते थे। लेकिन कांग्रेस शासन के दौरान जेसीबी मशीनों से खुदाई कराकर मजदूरों के नाम गलत दर्ज किए गए, जिससे केवल औपचारिकता निभाई गई और वास्तविक जरूरतमंद मजदूरों को लाभ नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में सीएजी रिपोर्ट में भी गंभीर अनियमितताओं और हेराफेरी की ओर संकेत किया गया था। न तो प्रभावी निगरानी व्यवस्था थी और न ही ठोस परिणाम सामने आए। कांग्रेस चुनावों के समय मजदूरों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती रही, जबकि सत्ता में आने के बाद मजदूरों के हितों की लगातार अनदेखी की गई।
मंत्री ने कहा कि उस दौर में गरीबों की खाद्य सुरक्षा कमजोर थी, जबकि आज देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विजन 2047 विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत अब कच्चे कार्यों के स्थान पर पक्के और स्थायी कार्य जोड़े गए हैं, जिनमें पार्क निर्माण जैसे जनहितकारी कार्य शामिल हैं। 100 दिनों के बजाय अब 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को 400 रुपये की दिहाड़ी मिलेगी तथा आय की गारंटी सुनिश्चित की जाएगी। यह पूरे देश मे सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से हरियाणा मजदूर कल्याण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।श्री गंगवा ने स्पष्ट किया कि यह योजना मजदूरों के हित में वास्तविक, पारदर्शी और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराएगी। खेतों में कार्य के दो महीनों को छोड़कर शेष अवधि में रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। बीजेपी पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वीबी-जी राम जी योजना विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













