04 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब इसने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर बाहुबली 2 को पीछे छोड़ दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने अमेरिका में करीब 24.39 मिलियन डॉलर (200 करोड़ रुपये से ज्यादा) की कमाई की है, जबकि ‘बाहुबली 2’ ने वहां 20.80 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था। लगभग नौ साल बाद यह रिकॉर्ड टूटा है।
इस उपलब्धि पर ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी में भल्लालदेव का किरदार निभाने वाले राणा दग्गुबाती ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है। एक दशक बाद ऐसा हुआ है, लेकिन मुझे लगता है कि हम अभी भी बस शुरुआत ही कर रहे हैं।”
राणा ने आगे कहा कि भारतीय सिनेमा में अलग-अलग तरह की कहानियों के लिए जगह है—चाहे वह ‘बाहुबली’ जैसी भव्य फिल्म हो या ‘धुरंधर’ जैसी आधुनिक कहानी। उनके मुताबिक, वही फिल्म सबसे ज्यादा असर डालती है जो दर्शकों के दिल से जुड़ती है।
उन्होंने कोरियाई सिनेमा का उदाहरण देते हुए कहा कि स्थानीय कहानियों को वैश्विक स्तर पर पेश करना ही सफलता की कुंजी है।
वहीं, ‘धुरंधर 2’ की कमाई लगातार बढ़ रही है। फिल्म अब तक वर्ल्डवाइड 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है, जबकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी यह 950 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है।













