11 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर मचा हड़कंप, ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती — निधन की झूठी खबरों पर भड़कीं हेमा मालिनी, एशा देओल ने दी हेल्थ अपडेट दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मंगलवार सुबह कुछ मीडिया संस्थानों ने उनके निधन की झूठी खबरें प्रसारित कर दीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। हालांकि, धर्मेंद्र की बेटी एशा देओल ने साफ किया कि उनके पिता स्थिर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
वहीं, पत्नी हेमा मालिनी ने इन अफवाहों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा —
“जो हो रहा है वह माफ़ करने लायक नहीं है! जिम्मेदार चैनल एक ऐसे इंसान के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? कृपया परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें।”
सुबह हेमा मालिनी और एशा देओल धर्मेंद्र को देखने अस्पताल पहुंचीं। दोनों के चेहरों पर चिंता और थकान साफ झलक रही थी। इस बीच, धर्मेंद्र के घर के बाहर फैंस और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई है। कुछ देर पहले अभय देओल भी घर पहुंचते देखे गए।
अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। बताया जा रहा है कि अभिनेता की लगातार डॉक्टर निगरानी में इलाज चल रहा है और परिवार ने सभी से उनकी जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है।
🕉️ हेमा मालिनी का संदेश: “धर्मेंद्र जी की सेहत में सुधार हो रहा है, कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें और उनके लिए दुआ करें।”













