डिप्टी कमिश्नर द्वारा खरीद एजेंसियों, मंडी बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक

धान की खरीद, लिफ्टिंग, भुगतान आदि प्रबंधों की समीक्षा अधिकारियों को खरीद प्रबंधों पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश
जिले में बीती शाम तक 2461 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी

फरीदकोट, 01 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  डिप्टी कमिश्नर मैडम पूनमदीप कौर ने जिले में धान की खरीद को पारदर्शी ढंग से जारी रखने और खरीद, लिफ्टिंग व भुगतान आदि का जायजा लेने के लिए सभी खरीद एजेंसियों तथा मंडी बोर्ड अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे धान की खरीद संबंधी व्यवस्थाओं पर 24 घंटे नजर रखें, ताकि मंडी में किसानों, आढ़तियों व मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर मैडम हरजोत कौर विशेष तौर पर मौजूद रहीं।

डिप्टी डायरेक्टर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मैडम अतिंदर कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती शाम तक जिले की मंडियों में 2552 मीट्रिक टन धान की आमद हुई, जिनमें से 2461 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कल शाम तक पनग्रेन द्वारा 1104 मीट्रिक टन, मार्कफेड द्वारा 650.75 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 397 मीट्रिक टन, पंजाब स्टेट वेयरहाउस निगम द्वारा 111 मीट्रिक टन तथा निजी व्यापारियों ने 198 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।

जिला मंडी अधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि जिले की मंडियों में पीने के पानी, छांव आदि की सभी व्यवस्थाएं पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार पूरी कर दी गई हैं, ताकि किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि यदि किसानों को किसी भी प्रकार की जानकारी, समस्या या सहायता की आवश्यकता हो तो वे अपने संबंधित सचिव मार्केट कमेटी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा पंजाब मंडी बोर्ड के पोर्टल पर भी सारी जानकारी उपलब्ध है, जिसे किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

इस मौके पर डी.एफ.एस.सी. श्री गुरजीत सिंह, ब्लॉक कृषि अधिकारी श्री गुरप्रीत सिंह, जिला मैनेजर मार्कफेड मैडम सुखजिंदर कौर, जिला मैनेजर वेयरहाउस श्री एस.एल. गोंदारा, जिला मैनेजर पनसप श्री विजय कुमार, डिविजनल मैनेजर एफ.सी.आई. श्री मनीष कुमार आदि मौजूद थे।