15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। लोग हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर चलने को मजबूर दिखे। ठंड भी बढ़ गई है और शीतलहर का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों में सक्रिय हुए नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसका असर मैदानी इलाकों में तापमान गिरने और घने कोहरे के रूप में दिख रहा है। विभाग ने बताया कि 18 दिसंबर को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस आएगा, जिसके बाद 22 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
अगले कुछ दिन भी परेशानी के आसार
फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी।
फ्लाइट सेवाएं प्रभावित, 40 उड़ानें रद्द
कोहरे के कारण हवाई सेवाओं पर भी बड़ा असर पड़ा है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से फ्लाइट स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अब तक दिल्ली एयरपोर्ट से 40 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं और 4 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है। दो फ्लाइट्स जयपुर डायवर्ट हुईं, जिनमें अकासा एयर की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान शामिल है।
एयरलाइंस ने कहा है कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
रेल यातायात भी बेहाल
घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ नजर आया। उत्तर भारत में कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनें 6 से 7 घंटे तक लेट हैं, जबकि एक ट्रेन 10 घंटे से ज्यादा की देरी से चलने की जानकारी मिली है।
कम विजिबिलिटी के कारण लोको पायलटों को ट्रेनों को बेहद धीमी रफ्तार से चलाना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले NTES ऐप, 139 हेल्पलाइन या रेलवे की वेबसाइट से ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।
लगातार हो रही देरी के चलते यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे ठंड और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं। रेलवे प्रशासन ने मौसम साफ होते ही सेवाएं सामान्य करने का भरोसा दिलाया है।













