5 FEB 2025: FACT RECORDER
Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। दिल्ली की 70 सीटों पर कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर सुबह 7 बजे से ही वोटिंग जारी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। दिल्ली में तमाम पोलिंग बूथों के बाहर वोटर्स की कतारें देखने को मिल रही हैं। बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दिग्गजों ने पूरी ताकत झोंक दी है। रैली, जनसभा, नुक्कड़ सभा, रोड शो, डोर-टू-डोर कैंपेन के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश हुई है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जो अलग-अलग 2696 लोकेशन पर हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स यहां जानिए।
LIVE UPDATES
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने किया मतदान
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए लायंस विद्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मतदान केंद्र 29 और 48 पर मतदान किया। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है… युवा मतदाताओं को आगे आना चाहिए और अपना वोट डालना चाहिए…”
AAP नेता संत्येंद्र जैन ने मतदान किया
शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार संत्येंद्र जैन ने मतदान किया। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र को मजबूत करने, अच्छी शिक्षा और अच्छे स्वास्थ्य के लिए वोट जरूर करें। मेरी सभी से अपील है कि अपने घरों से बाहर निकलें और वोट करें…”
प्रियंका गांधी ने डाला वोट
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी दिल्ली चुनाव के लिए मतदान करने के लिए दिल्ली के मतदान केंद्र पहुंची। उन्होंने कहा, “सबसे अपील है कि अपने घरों से बाहर निकलिए, आइए और वोट डालिए। संविधान ने आपको यह सबसे बड़ा और अहम अधिकार है। अपने इस अधिकार का इस्तेमाल कीजिए। मैं जानती हूं कि दिल्ली की जनता ऊब चुकी है… तमाम समस्याएं हैं अगर उनका हल करना है तो घरों से बाहर आइए, मतदान कीजिए और अपना संवैधानिक अधिकार स्पष्ट कीजिए।”
Delhi Election 2025 Voting: सुबह 11 बजे तक करीब 20 फीसदी मतदान
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। कई पोलिंग बूथ पर लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक दिल्ली में 19.95 फीसदी मतदान पूरा हो चुका है।
मैं 36 बिरादरी को साथ लेकर चलता हूं: AAP प्रत्याशी राम सिंह
बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार राम सिंह ने कहा, “…यह चुनाव जनता लड़ रही है, राम सिंह नहीं…सभी को पहले मतदान करना चाहिए और फिर जलपान करना चाहिए क्योंकि मतदान बहुत महत्वपूर्ण है…मैं 36 बिरादरी को साथ लेकर चलता हूं, मैं उन सभी का सम्मान करता हूं…मेरी एकमात्र अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।”
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली चुनाव में किया मतदान
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ मतदान करने के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा, “मतदान महान दान है… प्रजातंत्र का आधार है और मतदान सब अधिकारों की जननी है। इससे सर्वोपरी कोई अधिकार नहीं है। प्रजातंत्र का महत्व है कि हर व्यक्ति अपना मतदान विवेकपूर्ण तरीके से, स्वतंत्रता से देश के लिए करे। इसी से प्रजातंत्र फलता-फूलता है और विकसित होता है। भारतवर्ष दुनिया के सामने एक मिसाल है… जहां सत्ता परिवर्तन या सत्ता का स्थायित्व मतदान से ही जाहिर होता है… सभी मतदान करें, यही मेरी कामना है।”
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “AAP ने ऐसी गुंडागर्दी दिखाई कि CAA के विरूद्ध पूरी दिल्ली को उन्होंने जला दिया… गुंडागर्दी ऐसी दिखाई कि मनोज तिवारी को उसी के संसदीय क्षेत्र में सिग्नेचर ब्रिज से धकेला गया… वे(AAP) आज गुंडागर्दी के कारण ही जाएंगे और भाजपा आएगी।”
