दीपिका पादुकोण ने रणवीर सिंह पर जताया गर्व, ‘धुरंधर’ की रिकॉर्ड सफलता पर दिया प्यारा रिएक्शन

05 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक 772 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। रणवीर की इस उपलब्धि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भी खुशी जाहिर की है और खुलकर उनकी तारीफ की।

अपने 40वें जन्मदिन से एक दिन पहले दीपिका पादुकोण मुंबई में फैंस से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्मों और निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर बात की। बातचीत के बीच दीपिका ने फैंस से पूछा कि क्या सभी ने रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ देखी है। जैसे ही भीड़ ने एक साथ ‘हां’ में जवाब दिया, दीपिका की खुशी साफ झलकने लगी। वह मुस्कुराती रहीं और रणवीर की सफलता पर गर्व जताया।

कार्यक्रम के दौरान माहौल हल्का-फुल्का रहा। होस्ट ने मजाक में कहा कि उन्हें नहीं पता था कि यहां दूसरी फिल्मों की भी चर्चा होगी। इस पर दीपिका ने हंसते हुए जवाब दिया, “ये तो सब परिवार का ही मामला है।” उनका यह रिएक्शन फैंस को काफी पसंद आ रहा है।

दीपिका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी सादगी और अपने पति के प्रति सपोर्ट को सराह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “वह अपनी पति की सफलता से कितनी खुश हैं, यह देखकर अच्छा लगा।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “गर्व करने वाली और हमेशा साथ देने वाली पत्नी।”

गौरतलब है कि जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ को रिलीज हुए 32 दिन हो चुके हैं और यह लगातार बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस हमजा का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में अपराधी और राजनीतिक गिरोहों में घुसपैठ करता है। फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।