डरोह पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज मामला: महिला कांस्टेबल को अश्लील मैसेज भेजने पर हेड कांस्टेबल निलंबित

25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: डरोह पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में प्रशिक्षण के लिए आई एक महिला कांस्टेबल को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में कॉलेज में तैनात एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) नॉर्थ रेंज सौम्या सांबशिवन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला कांस्टेबल ने करीब पांच दिन पहले DIG नॉर्थ रेंज को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेड कांस्टेबल की ओर से व्हाट्सएप के जरिए लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेजे जा रहे थे। महिला कांस्टेबल ने शिकायत के साथ स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे हैं।

प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में यह भी परखा जाएगा कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग किया या नहीं, साथ ही यह भी देखा जाएगा कि आईटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराएं लागू होती हैं या नहीं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल माध्यम से उत्पीड़न के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

इस पूरे मामले पर महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता सराहनीय है और उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के जरिए पीड़ित को जल्द न्याय मिलेगा।