24 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk : वाराणसी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा बस अड्डे के पास एक घर में गैस सिलिंडर फटने से पूरा मकान ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबने से भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की तेज आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में ओम कुमार चौधरी (30) और उनकी बहन प्रीति (27) की मौत हो गई। वहीं अमन चौधरी (31) और बुजुर्ग महिला गिरजा देवी (60) घायल हो गए, जिन्हें तुरंत BHU Trauma Centre में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, फोरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते मकान ढह गया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से राहत अभियान चलाया गया। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया।
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी वरुणा Neetu Katyayan ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण विस्फोट होने की बात सामने आई है। उस समय घर में खाना बन रहा था और इसी दौरान अचानक धमाका हो गया, जिससे जर्जर मकान गिर पड़ा और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













