01 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: मुंबई के युवा सलामी बल्लेबाज और भारत अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। रविवार, 30 नवंबर को ग्रुप-ए मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ आयुष ने 59 गेंदों में नाबाद 104 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल थे। यह उनके टूर्नामेंट का लगातार दूसरा शतक है।
आयुष ने इस मैच में टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी निभाई, जिससे मुंबई ने आंध्र प्रदेश को नौ विकेट से हराया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करने वाली आंध्र प्रदेश को 159 रन पर रोकते हुए 160 रनों का लक्ष्य हासिल किया। आयुष और सूर्यकुमार की साझेदारी ने सिर्फ 9.4 ओवर में 105 रन जोड़े और टीम को विजयी बनाया।
इससे पहले, आयुष ने विदर्भ के खिलाफ भी शतक लगाया था। उन्होंने इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 53 गेंदों में 110 रन की धमाकेदार पारी खेली थी, जिसमें 8 छक्के और 8 चौके शामिल थे। आईपीएल 2025 में CSK के लिए शानदार प्रदर्शन करने के कारण 18 वर्षीय आयुष को आईपीएल 2026 सीजन के लिए रिटेन किया गया है।











