CSK बनाम Mi ipl लाइव स्कोर: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच स्कोरकार्ड अपडेट हिंदी में – अमर उजाला हिंदी समाचार लाइव

07:54 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: अश्विन ने दिया मुंबई को तीसरा झटका

मुंबई को तीसरा झटका रविचंद्रन अश्विन ने दिया। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विल जैक्स को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। इससे पहले खलील अहमद ने मुंबई की सलामी जोड़ी (रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन) को पवेलियन भेजा था। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर 44/3 है।

07:43 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: मुंबई का दूसरा विकेट गिरा

मुंबई को दूसरा झटका रेयान रिकेल्टन के रूप में लगा। उन्हें खलील अहमद ने अपना शिकार बनाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए स्टैंडइन कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विल जैक्स क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 21/2 है।

07:31 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: मुंबई की झटके के साथ शुरुआत

मुंबई इंडियंस की झटके के साथ शुरुआत हुई है। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। उन्हें पहले ही ओवर में खलील अहमद ने अपना शिकार बनाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विल जैक्स उतरे हैं, उनका साथ देने के लिए रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:07 PM, 23-2025

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, दीपक हुडा, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, सैम करन, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, नाथन एलिस, खलील अहमद।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: राहुल त्रिपाठी, कमलेश नागरकोटी, विजय शंकर, जेमी ओवरटन, शेख रशीद।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेलटन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, रॉबिन मिंज, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, सत्यनारायण राजू।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: विग्नेश पुथुर, अश्विनी कुमार, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, कर्ण शर्मा

07:02 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: चेन्नई ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बताया कि उनकी प्लेइंग 11 में चार विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें नूर अहमद, नाथन एलिस, रचिन रवींद्र और सैम करन शामिल हैं। वहीं, मुंबई ने रेयान रिकेल्टन, विल जैक्स, मिचेल सेंटनर और ट्रेंट बोल्ट को बतौर विदेशी खिलाड़ी टीम में जगह दी है।

06:41 PM, 23-2025

सीएसके और मुंबई की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है…

सीएसकेः रचिन रवींद्र, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, दीपक हुड्डा, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, सैम करन, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, मथीशा पथिराना।

मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, रियान रिक्लेटोन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, नमन धीर, रॉबिन मिंज, मिचेल सैंटनर, करन शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर।

06:40 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: मुंबई के खिलाफ सीएसके का रिकॉर्ड बेहतर

चेन्नई का मुंबई के खिलाफ हाल का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इन दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैच में से चार में चेन्नई ने जीत हासिल की। मुंबई में पिछले साल रोहित शर्मा की जगह हार्दिक को कप्तान नियुक्त किया था, लेकिन तब उसकी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी और सबसे निचले स्थान पर रही थी। इस बार हालांकि उसकी टीम संतुलित नजर आ रही है। मुंबई के शीर्ष क्रम में ईशान किशन की भरपाई दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज रेयान रिक्लेटोन करेंगे, जबकि इसके बाद सूर्यकुमार और तिलक वर्मा जिम्मेदारी संभालेंगे।

06:39 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: गायकवाड़ और रचिन करेंगे पारी की शुरुआत

चेन्नई की टीम में सलामी जोड़ी को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र का पारी की शुरुआत करना तय है। मध्यक्रम की जिम्मेदारी राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, दीपक हुड्डा जैसे भारतीय बल्लेबाज संभालेंगे, जबकि इसके बाद धोनी और जडेजा आएंगे।

06:38 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: मुंबई को खलेगी बुमराह की कमी

जहां तक मुंबई की बात है तो उसे भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह की बहुत कमी खलेगी जो चोट से उबरने के बाद वापसी की प्रक्रिया में हैं। बुमराह का आईपीएल के शुरुआती चरण में खेलना संदिग्ध है और मुंबई के लिए उनकी भरपाई करना मुश्किल होगा। चेन्नई के खिलाफ मैच में मुंबई के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या भी नहीं खेल पाएंगे। उन पर पिछले साल लीग चरण के अंतिम मैच में धीमी ओवर गति के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगा है। मुंबई की टीम में हालांकि कई अच्छे नेतृत्वकर्ता हैं और पहले मैच में उसकी कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे जो भारतीय टी20 टीम के कप्तान भी हैं।

06:38 PM, 23-2025

CSK vs MI Live Score: स्पिनरों पर चेन्नई ने दिया ध्यान

पांच बार की चैंपियन सीएसके ने पिछले साल आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा नीलामी में स्पिनरों को लेने पर अधिक जोर दिया था। चेन्नई के पास रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, श्रेयस गोपाल, दीपक हुड्डा और रवींद्र जडेजा के रूप में अच्छे स्पिनर हैं। सीएसके के सत्र से पूर्व अभ्यास शिविर के दौरान भी इस बात के संकेत मिले थे कि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में स्पिनर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। चेन्नई की टीम मुंबई के खिलाफ अपनी इस ताकत का भरपूर उपयोग करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। चेन्नई की टीम में एक बार फिर से सबकी नजर महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी रहेगी जो 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही इस टीम से जुड़े हुए हैं।