31 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: लखनऊ में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई इलाकों में बुलडोजर चलाया। Lucknow Development Authority (एलडीए) ने चिनहट, इंदिरा नगर, काकोरी और दुबग्गा क्षेत्रों में अभियान चलाकर बिना स्वीकृत ले-आउट के विकसित की जा रही कुल 14 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, काकोरी के शिवरी गांव में करीब 30 बीघा जमीन पर बनाई जा रही सात अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई। वहीं चिनहट के गोइला और इंदिरा नगर के रसूलपुर सादात में लगभग 10 बीघा क्षेत्र में दो अवैध प्लॉटिंग को हटाया गया। इसके अलावा दुबग्गा के मौरा गांव में करीब 20 बीघा में विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग भी गिरा दी गई।
एलडीए का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना अनुमति के की जा रही किसी भी अवैध कॉलोनी या प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की पूरी जांच जरूर करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।













